अहमदाबाद। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने सवाल किया है यदि भाजपा को राज्य में विजयी होने का भरोसा है तो फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर एक दिन बाद यहां क्यों आते हैं? कांग्रेस का प्रचार करने गुजरात पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि भाजपा ने मान लिया है कि लोग सरकार बदलना चाहते हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री लगातार यहां का दौरा कर रहे हैं।
दीक्षित ने कहा कि भाजपा नेता राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं दे रहे है। उन्होंने कहा कि देश की जो स्थिति है उसकी नीव कांग्रेस ने रखी है। गुजरात में जो भी विकास हुआ है वह राज्य की जनता की देन है। सहकारिता के आधार पर शुरू किया गया अमूल आज देश को दूध, दही, घी सहित विविध उत्पादों की आपूर्ति कर रहा है। इसकी स्थापना पंडित नेहरु और सरदार पटेल ने की थी। उन्होंने केरल से कुरियन को यहां बुलाया था। यहां इरमा, आइआइएम, आइआइटी जैसे शैक्षणिक संस्थान भी कांग्रेस की देन है।
उन्होंने मंहगाई पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि गरीबों की कस्तूरी प्याज 80 रुपये किलो मिल रही है। दिल्ली में उनके शासनकाल में महंगाई बढ़ने पर सरकार ट्रकों से आवश्यक वस्तुएं सस्ती कीमत में घर-घर तक पहुंचाती थी। रसोई गैस के दाम बढ़ रहे हैं। जीएसटी के कारण सभी चीजों की कीमतें बढ़ी हैं। लेकिन सरकार जीएसटी का गुनगान कर रही है।
मेट्रो रेल पर दीक्षित ने कहा कि गुजरात में भी दस साल पहले मेट्रो रेल आई थी लेकिन राज्य की सरकार ने कुछ नहीं किया। यहां सरकार वादा तो करती है, लेकिन उसे पूरा नहीं करती।

No comments:
Post a Comment