Tuesday, 28 November 2017

हमने अच्छे-अच्छों को मंदिर जाने की आदत डाल दी- पीएम मोदी

सूरत.विधानसभा चुनाव के प्रचार के क्रम में सूरत के कडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अकलामुखी हनुमान मंदिर के मैदान में भारी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने दहेज-घोघा फेरी सर्विस को सूरत और सौराष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पहले सौराष्ट्रवासियों को घर पहुंचने में 6 घंटे लगते थे। मगर अब फेरी सर्विस से यह सफर मात्र तीन घंटे का रह गया है। केंद्र सरकार यहीं नहीं रुकेगी, आने वाले समय में हम मुंबई से सूरत होते हुए कच्छ को जोड़ने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 25 साल पहले जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोग पानी-बिजली के लिए ज्ञापन देने को मजबूर थे। कांग्रेस ने समाज को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि केंद्र सरकार एक रुपया भेजती है तो जनता तक पहुंचते-पहुंचते वह 15 पैसे हो जाता है। मोदी ने कहा कि अगर ऐसी बात थी तो इसकी जांच क्यों नहीं कराई? जांच करते तो पता चलता कि बाकी के पैसे किसने दबा लिए।
8 नवंबर से एक साल तक कालाधन रखने वाले को नींद नहीं आई- मोदी ने कहा कि नोटबंदी से कांग्रेस के नेताओं को नुकसान हुआ है। कालाधन बाहर लाने के लिए नोटबंदी की गई थी। 8 नवंबर से एक साल तक कालाधन रखने वाले को नींद नहीं आ रही है। हमने नोटबंदी के बाद सरकार की आंखों में धूल झोंकने के लिए बनाई गई फर्जी कंपनियों पर ताला लगवा दिया है। छोटे से रूम से 400 कंपनियां रजिस्टर कर लोग सरकार से फरेब कर रहे थे। कालाधन का कारोबार करने वाले 18 लाख लोगों की धरपकड़ की गई। 3 लाख कंपनियों को नोटिस जारी किया गया। हवाला से कालेधन की हेराफेरी बंद हो गई। आज देश के हर गरीब का बैंक में खाता है। जनधन योजना से गरीबों ने अपनी मेहनत की पूंजी जमा कराई है। कांग्रेस ने नोटबंदी के बाद सरकार को बदनाम करने की कोशिश की है, लेकिन भाजपा सरकार ईमानदारी के रास्ते से पीछे नहीं हटेगी।
जनता ने हिसाब मांगा तो कांग्रेस हमसे पूछने लगी- पीएम मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि जब गुजरात की जनता ने कांग्रेस से उनके 50 साल के शासनकाल का हिसाब मांगा तो कांग्रेस भाजपा से हिसाब मांगने लगी। 22 सालों में भाजपा ने क्या काम किया, इसका हिसाब पूछ रहे हैं, तो मैं कहता हूं कि इन वर्षों में भाजपा ने अच्छे-अच्छों में मंदिर जाने की आदत डाल दी। कांग्रेस हमेशा मोरारजी देसाई और सरदार वल्लभभाई पटेल को अपमानित करती रही है।
80 मिनट का भाषण :पीएम मोदी ने 80 मिनट तक भाषण दिया। जानकार बताते हैं कि मोदी जब प्रदेश के सीएम थे, उस समय 40 मिनट से ज्यादा का भाषण नहीं देते थे। ऐसा पहली बार हुआ है कि उन्होंने लगातार 80 मिनट तक कडोदरा में जनसभा को संबोधित किया।

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...