Sunday, 10 September 2017

गुड़गांव मर्डर: स्कूल मालिक-मैनेजमेंट पर केस दर्ज, कार्रवाई करेंगे: हरियाणा के मंत्री

हिसार. गुड़गांव के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में बच्चे के मर्डर से गुस्साए लोग रविवार को सड़कों पर उतर आए। स्कूल में तोड़फोड़ की, पास की एक शराब की दुकान में आग लगा दी। नाराज लोगों में स्कूल में पढ़ रहे कई बच्चों के पेरेंट्स भी शामिल थे। इस पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। उधर, हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा, "स्कूल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मालिक-मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। अगर विक्टिम के माता-पिता को तसल्ली न हो तो सरकार किसी भी एजेंसी से जांच करा सकती है।"
 जुवेनाइल एक्ट के तहत कार्रवाई होगी... मंत्री शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "रेयान स्कूल के मालिक-मैनेजमेंट के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई होगी। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सबूत जुटा लिए हैं। एक हफ्ते में चार्जशीट दायर होगी। हमने एक हफ्ते का समय रखा है। पुलिस अपराधी को कोर्ट में पेश करेगी।"
 रेयान इंटरनेशनल स्कूल में 8 सितंबर को 7 साल के बच्चे का मर्डर हो गया था। बच्चे की बॉडी स्कूल के टॉयलेट में मिली थी। उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था। उसका एक कान भी पूरी तरह कटा पाया गया। बच्चा दूसरी क्लास में पढ़ता था। पुलिस ने इस मामले में बस कंडक्टर को अरेस्ट किया है।
 
सांसद पप्पू यादव बच्चे के मां-बाप से मिले- जन अधिकार पार्टी (एल) के नेता और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्‍पू यादव ने मारे गए बच्चे के पेरेंट्स से मुलाकात की। यादव ने कहा, "मंत्री- नेताओं के बच्चों के साथ ऐसा हादसा नहीं होता, मैं इस मामले को लोकसभा में उठाऊंगा और सीबीआई जांच की मांग करूंगा।"
 
कंडक्टर को तो फंसाया गया है: पेरेंट्स
 स्कूल के बाहर प्रदर्शन करने वाले पेरेंट्स ने कहा, "हम मामले की मौजूदा जांच से संतुष्ट नहीं हैं। सीबीआई इसकी जांच करे। बस कंडक्टर को तो फंसाया गया है, स्कूल मैनेजमेंट को स्टूडेंट्स की सेफ्टी की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।"
 
मेरे भाई को पीटा, दबाव डालकर गलत बयान दिलाया-  आरोपी बस कंडक्टर अशोक कुमार के बहन-पिता ने उसका बचाव किया है। आरोपी की बहन ने कहा, "मेरे भाई को पीटा गया, दबाव डालकर उससे गलत बयान दिलाया गया।" बहन ने ये आरोप भी लगाया कि स्कूल की प्रिंसिपल ने पुलिस को रिश्वत दी है। आरोपी के पिता ने दावा किया, "मेरा बेटा ईमानदार है, उसे फंसाया गया है।
 
पुलिस का दावा- गुड़गांव के डीसीपी सिमरदीप सिंह ने कहा था, "स्कूल बस के कंडक्टर ने बच्चे के साथ सेक्शुअल अब्यूज की कोशिश की। जब बच्चे ने चिल्लाने की कोशिश की तो कंडक्टर ने उसका मर्डर कर दिया। कंडक्टर अपनी जेब में चाकू लिए हुए था। वह वारदात की नीयत से ही बच्चों के टॉयलेट में घुसा था। आरोपी ने पूछताछ में खुद इस बात को माना है। वो स्कूल में पिछले 6-8 महीनों से काम कर रहा था।"
 
आरोपी बस कंडक्टर ने  कहा- आरोपी अशोक कुमार ने मीडिया से कहा था, ''मेरी बुद्धि भ्रष्ट हो गई थी। मैं बच्चों के टॉयलेट में था। वहां गलत काम कर रहा था। तभी वह बच्चा आ गया। उसने मुझे देख लिया। मैंने उसे पहले देखा धक्का दिया। फिर खींच लिया। वह शोर मचाने लगा तो मैं डर गया। फिर मैंने उसे दो बार चाकू से मारा। उसका गला रेत दिया।'' जब उससे पूछा गया कि उसने क्या पहले भी किसी बच्चे को सेक्शुअली एब्यूज किया है, तो आरोपी ने कहा- ''नहीं। ये पहली बार था। मैं घबरा गया था। पता नहीं कैसे हो गया। मेरी बुद्धि भ्रष्ट हो गई थी। मैं गलत काम करना चाहता था। लेकिन किया नहीं।'' चाकू के बारे में पूछे जाने पर अशोक ने कहा, ''वो सब्जी काटने वाला चाकू था। वो गंदा हो गया था। उसे साफ करने के लिए मैं टॉयलेट तक ले आया था। उसी से बच्चे का गला रेता।''
- यह पूछने पर कि क्या बच्चों का टॉयलेट इस्तेमाल करने से उसे किसी ने रोका नहीं? अशोक ने बताया- "हम वहां जाते रहते थे। कई बार देख लिए जाते थे तो हमें टोका जाता था।"
 
बेटा बस से स्कूल नहीं जाता था: मां
 कंडक्टर की गिरफ्तारी के बाद मृतक बच्चे की मां सुषमा ने कहा था कि बेटे की हत्या के पीछे मामला कुछ और है। मां ने कहा था, "मेरा बेटा तो बस से स्कूल जाता ही नहीं था तो बस कंडक्टर उसे क्यों मारेगा? मुझे पुलिस पर भरोसा नहीं है, इसकी सीबीआई जांच करे।"- "हो सकता है कि मेरे बच्चे ने टॉयलेट में स्कूल से जुड़े कुछ लोगों को कुछ गलत करते हुए देख लिया हो, जिसके बाद सच्चाई को दबाने के लिए ही उसकी हत्या कर दी गई।

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...