उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को काकोरी इलाके में आतंकी संगठन आईएसआईएस का आतंकवादी सैफुल्ला मारा गया। यूपी और एमपी की एटीएस की संयुक्त कार्रवाई मे 90 राउंड फायरिंग हुई और यह ऑपरेशन करीब 11 घंटे तक चला। देश में ऐसी यह पहली घटना है, जिसमें आईएसआईएस का आतंकी मारा गया है।
इस घटनाक्रम के बारे में कब क्या हुआ-
1- खुफिया सूचना पर हुई कार्रवाई: भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में मंगलवार सुबह हुए धमाके में मध्य प्रदेश पुलिस ने होशंगाबाद के पिपरिया से तीन संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा। इनसे मिली जानकारी यूपी पुलिस से साझा की गई।
2- सूचना पर पुलिस ने कानपुर से दो आईएस संदिग्ध आतंकियों इमरान और फैजल को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ में मिली जानकारी पर एटीएस ने लखनऊ के काकोरी स्थित हाजी कॉलोनी में आतंकियों की घेराबंदी की। साथ ही पता चला कि एक आतंकी फखरे आलम उर्फ रीशू इटावा में छिपा है। उसे इटावा से गिरफ्तार किया गया।
3- सैफुल्ला लखनऊ के हाजी कालोनी में धार्मिक स्थल के पास मलिहाबाद के मूल निवासी बादशाह के मकान में किराए पर पांच महीने से रह रहा था। दोपहर करीब तीन बजे एटीएस को सूचना मिली कि उज्जैन में पकड़े गए आतंकियों का साथी सैफुल्ला हाजी कालोनी में छिपा हुआ है।
4- इसके बाद एसटीएस के कमांडो ने उस इलाके को घेर लिया। शाम चार बजे आतंकी के फायरिंग करते ही कमांडों ने पूरे मकान को घेर लिया। मकान के पिछले हिस्से से लेकर सामने तक सब तरफ एटीएस के कमांडो और क्राइम ब्रांच व लखनऊ पुलिस के जवान फैल गए। आधुनिक हथियारों से लैस इन पुलिसकर्मियों ने घर के अंदर घुसना शुरू कर दिया।
5- शाम को 5 बजे धुएं वाला केमिकल लेकर फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। और फिर अगली कार्रवाई शुरू हो गई। आतंकी रुक-रुककर फायरिंग करता रहा, इसके जवाब में एटीएस के कमांडो भी गोली चलाते रहे। गोलियों की तड़तड़ाहट से आस-पास का इलाका दहशत में आ गया।
6- आतंकी को जिंदा गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटे एटीएस के अफसरों ने बड़ी मुश्किल से उससे संपर्क किया और सरेंडर करने को कहा। इस पर वह कमरे से ही चिल्लाया कि मर जाएंगे पर समर्पण नहीं करेंगे।
7- देर रात करीब तीन बजे तक चले ऑपरेशन में आंसू गैस के नौ गोले दागे गए। इस ऑपरेशन में सैफुल्ला मारा गया।
8- आतंकी ठिकाने से भारी मात्रा में गोला-बारूद, चाकू, रिवॉल्वर, पिस्टल और आईएसआईएस का झंडा मिला है।
9- टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार, एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) दलजीत चौधरी ने बताया कि आतंकी सैफुल्ला कानपुर का रहने वाला था। पानीपत में बस और ट्रेन धमाके में उसका हाथ होने का शक है।
10- सैफुल्ला के ठिकाने से 600 कारतूस, 8 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, डेढ़ लाख रुपये नकद और 45 ग्राम सोना मिला है।

No comments:
Post a Comment