Friday, 24 February 2017

BMC चुनावः मेयर पद की लड़ाई दिलचस्प, शिवसेना-BJP दोनों करेंगे दावेदारी

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के चुनाव में भाजपा और शिवसेना को करीब बराबर सीटें मिलने के बाद मेयर पद की लड़ाई दिलचस्प हो गई है। शिवसेना के साथ भाजपा ने भी संकेत दिए हैं कि वह मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी।
वहीं, बीएमसी चुनावों में किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को विश्वास जताया कि पार्टी स्थानीय निकाय में मेयर का पद बरकरार रखेगी, हालांकि वह किसी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर स्पष्ट बोलने से बचते नजर आए।
227 सीटों वाले स्थानीय निकाय का चुनाव परिणाम आने के बाद शिवसेना को सबसे ज्यादा 84 सीटें मिली हैं, जबकि भाजपा को 82 सीटों पर जीत मिली है।
संवाददाता सम्मेलन में ठाकरे ने कहा, जल्दी क्या है कुछ दिन इंतजार करें। हमने अभी तय नहीं किया है कि गठबंधन होना है या नहीं। हम जल्दी तय करेंगे। हालांकि ठाकरे ने स्वीकार किया कि पार्टी को ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद थी।
उन्होंने कहा, लेकिन, हमने जो भी जीता है, वह हमारे सैनिकों के बलबूते पर जीता है। हम मुंबईवासियों के कृतज्ञ हैं जिन्होंने लगातार पांचवीं बार हम पर विश्वास जताया है।
उन्होंने कहा, मैं अभी भी जीत की मिठाइयां खा रहा हूं गठबंधन पर अभी भी फैसला नहीं हुआ है।
भाजपा ने भी मेयर पद की दावेदारी का संकेत दिया
मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष सेल्लार ने मेयर पद के लिए पार्टी की दावेदारी का संकेत देते हुए कहा कि हमने 81 सीटें सीटें जीती हैं और चार निर्दलीय पार्षदों ने हमें समर्थन दिया है। पार्टी इस बारे में आगे रणनीति तय करेगी।
शिवसेना सांसद अनिल देसाई ने कहा है कि हमारी दावेदारी मजबूत है और पार्टी जल्द रणनीति का खुलासा करेगी। ऐसे में अगर भाजपा और शिवसेना अड़े रहते हैं तो मनसे, एनसीपी और निर्दलीयों के वोट अहम होंगे। हालांकि भाजपा या शिवसेना दोनों को ही मेयर पद पाने के लिए इन तीनों का ही साथ लाना होगा।
कोर कमेटी तय करेगी आगे की रणनीति
चुनाव नतीजों के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस शाम को मुंबई भाजपा मुख्यालय पहुंचे। मेयर पद की दावेदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी की कोर कमेटी इस पर फैसला करेगी। चुनाव के दौरान शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से जुबानी जंग को पीछे छोड़ते हुए फडणवीस ने कहा कि हम मुंबई में किंग बनने नहीं आए हैं, लेकिन जनता ने हमें सेवक चुनकर बड़ा मौका दिया है।

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...