प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को बहराइच में सपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गधे पर दिए गए बयान पर तंज कसते हुए कहा कि वे खुद गधे से प्रेरणा लेकर देश की जनता के हित में काम करते हैं। पीएम ने कहा कि वे इस बात से हैरान हैं कि अखिलेश यादव गधे पर क्यों हमला कर रहे हैं। मुझपर हमला करें, भाजपा पर हमला करें, तो समझ में आता है। पर एक हजार किमी दूर गुजरात के गधे से वे इतना क्यों डरते हैं।
इस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी गधे वाली बात पर प्रधानमंत्री इतने इमोशनल क्यों हो गए कि अब गधे-गधे की रट लगाए बैठे हैं। उन्होंने पीएम की बहराइच रैली के भाषण का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा वाले खिसिया गए हैं।
वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष व अमेठी से सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जाति को जाति से व धर्म को धर्म से लड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने जनता को नफरत की राजनीति से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने 'हिन्दू बनेगा न मुसलमान बनेगा इंसान की औलाद है इंसान बनेगा' गीत का मुखड़ा सुनाते हुए कहा कि ये देश एक है, और ये प्रदेश एक है।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आरएसएस के एजेंडे पर काम कर रही है। यदि भाजपा की सरकार बनी तो आरक्षण समाप्त कर देगी। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनते ही जेल में बंद निर्दोष मुस्लिम युवा जेल से रिहा हो जाएंगे। बसपा सुप्रीमो ने जिले की सातों विधानसभा सीट के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने अल्पसंख्यकों का आह्वान किया कि वे अपना वोट बर्बाद न करें और बसपा को वोट देकर भाजपा के मंसूबों को फेल करें।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की साइकिल पंचर हो गई है। इसमें खुद पार्टी के मुखिया रहे मुलायम सिंह यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न तो कहीं काम बोल रहा है और न ही दिख रहा है। सिर्फ एक हाईवे बनाकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विकास का झूठा बखान कर जनता की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, और उनका अपमान करके राहुल गांधी देश का अपमान कर रहे हैं।

No comments:
Post a Comment