Tuesday, 10 January 2017

सिसोदिया बोले- पंजाब के लोग ये समझकर वोट दें कि केजरीवाल ही होंगे सीएम

पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी अगर सरकार बनाने में कामयाब हो जाती है तो फिर मुख्यमंत्री कौन होगा, इस सवाल के जवाब को लेकर अब तक कयास ही लगते रहे हैं. मंगलवार को इसे लेकर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को यह मान कर आप को वोट देना चाहिए कि यहां सीएम अरविंद केजरीवाल ही होंगे. बता दें कि दिल्ली का दूसरी बार सीएम बनने के बाद केजरीवाल ने कहा था, ”मैं अब दिल्ली छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा.”
सिसोदिया ने  कहा-पंजाब आम आदमी पार्टी के तमाम बड़े नेता यह बात साफ कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री पंजाब से ही होगा और पंजाबी होगा, और मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान विधानसभा चुनावों के बाद विधायकों की रजामंदी से किया जाएगा. दिल्ली के डिप्टी सीएम और आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर मनीष सिसोदिया ने पंजाब के मोहाली में चुनावी रैली के दौरान ये बयान दे दिया कि पंजाब की जनता केजरीवाल के चेहरे को देखकर ही वोट करें और यह मानकर चलें कि पंजाब के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही होंगे. मुख्यमंत्री चाहे कोई भी हो लेकिन पंजाब की जनता को जो वायदे किये गये हैं वह अरविंद केजरीवाल ही पूरे करेंगे.
अकाली दल ने कहा- सिसोदिया के इस बयान के सामने आने के बाद ही पंजाब में सियासी पारा काफी चढ़ गया. अकाली दल ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि वो तो पहले ही कहते रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल पंजाब का मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं ताकि केंद्र सरकार के साथ वो अपनी लड़ाई पंजाब के सहारे कर सकें और इसी वजह से ही अरविंद केजरीवाल ने अब तक किसी भी पंजाब के नेता के नाम का ऐलान बतौर पंजाब सीएम नहीं किया है. अकाली दल ने कहा कि केजरीवाल बैक डोर से पंजाब के सीएम बनना चाहते हैं. वही पंजाब में आम आदमी पार्टी के पूर्व कन्वीनर रह चुके और पार्टी से निकाले जा चुके सुच्चा सिंह छोटेपुर ने भी अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि उनको तो पहले से ही पता था कि अरविंद केजरीवाल पंजाब का सीएम बनने का सपना देख रहे हैं और इसी वजह से पंजाब के एक के बाद एक नेता को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. सुच्चा सिंह छोटेपुर और अकाली दल की तरफ से पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल और अकाली दल के प्रवक्ता मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी के पंजाबी नेताओं को चैलेंज करते हुए कहा कि अगर उनमें थोड़ी सी भी गैरत बची है तो वो आम आदमी पार्टी को तुरंत छोड़ दें. क्यूंकि ये पार्टी ना तो पंजाब के हित में सोचती है और ना ही ये पार्टी पंजाब के किसी चेहरे को आगे रख कर पंजाब में राजनीति करने वाली है.

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...