नोटबंदी के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र बनारस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी , पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम पर सीधा हमला बोला। राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि युवा नेता बोलना सीख रहे हैं। मैं खुश हूं। क्योंकि 2009 में पता नहीं था कि इस पैकेट में क्या है? आज पता चला। यह न बोलते तो भूकंप आ जाता। बोले तो सच्चाई सामने आ गई।गुरुवार को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में पीएम ने कहा, राहुल कहते हैं कि देश में 60 फीसदी अनपढ़ हैं और मोदी उन्हें ऑनलाइन बैंकिंग सिखा रहे हैं। क्या इन्हें मैने अनपढ़ बनाया? ये रिपोर्ट कार्ड किसका है? पीएम मोदी ने कहा कि कालाधन के साथ कालामन भी खुल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विरोध में संतुलन खो देते हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी निशाना साधा-वह बड़े अर्थशास्त्री हैं। सन-72 के बाद से हर महत्वपूर्ण कमेटी के सदस्य रहे हैं। इतने कुशल अर्थशास्त्री कि खुद बचते गये। नरेन्द्र मोदी ने पूर्व पीएम के हवाले कहा कि गांवों में 50 फीसदी लोग गरीब हैं। वह ऑनलाइन पेमेंट के लिए टेक्नोलॉजी का प्रयोग कैसे करेंगे? मनमोहन सिंह अपना रिपोर्ट कार्ड दे रहे हैं कि मेरा? 50 फीसदी गरीबी किसकी विरासत है?
पीएम ने पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम को भी आड़े हाथों लिया-चिदंबरम कहते हैं कि हमारे देश में 50 फीसदी गांव में बिजली नहीं है तो कैशलेस कैसे होगा? भाई, मैने खंभा उखाड़ा है क्या, क्या तार काटी है। 2014 तक तो आप विकास का ढिंढोरा पीट रहे थे, अब खुद ही सच्चाई बता रहे हैं। पीएम यही नहीं रुके। उन्होंने नोटबंदी के विरोधियों की तुलना घुसपैठ समर्थकों से की। पीएम ने कहा कि पाक को जब घुसपैठिये भारत में भेजने होते हैं तो उनके जवान कवर फायर करते हैं। आपने संसद में देखा होगा कि संसद में भी कवर फायर हो रहा था? यह हो-हल्ला किसके लिए है? बेईमानों को बचाने के लिए, उन्हें रास्ता दिखाने के लिए नई तरकीब निकाली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता को कष्ट हो रहा है लेकिन लोग स्वार्थ के लिए नहीं, देश के लिए कष्ट झेल रहे हैं। इसके बाद भी उनसे पूछा जाता है तो वह कहते हैं कि अच्छा हुआ है। जनता-जनार्दन, ईश्वर के समान होती है, इसका मतलब ईश्वर का आशीर्वाद हमारे साथ है। हम ईमानदारी के रास्ते पर चलकर, सवा सौ करोड़ की जनता के विश्वास और भरोसे के अनुसार काम करेंगे। उन्होंने विपक्षी दलों को नसीहत दी कि वे देश के सवा सौ करोड़ लोगों पर भरोसा करना सीखें। इससे पहले पीएम मोदी ने बीएचयू में 780 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। पीएम के साथ मंच पर केंद्रीय पर्यटन-संस्कृति राज्यमंत्री महेश शर्मा, केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, बीएचयू के कुलपति गिरीश चंद्र त्रिपाठी उपस्थित थे। कार्यक्रम में पद्मविभूषण गिरिजा देवी, पद्मभूषण पंडित राजन-साजन मिश्र, पद्मश्री मालिनी अवस्थी समेत शिक्षक, कर्मचारी, कलाकार, गांधी दर्शन स्मृति संस्थान के बच्चे उपस्थित थे।
काशी-भोलेनाथ के आशीर्वाद से पूरा करूंगा लक्ष्य .... आगे पढ़े

No comments:
Post a Comment