परेश ने कहा- कांग्रेस को वोट देने से पहले आप अपनी अंतरात्मा से पूछें कि आप मोदी बनाना चाहते हैं या राहुल गांधी
सूरत.बीजेपी सांसद परेश रावल ने सोमवार को पुराने सूरत के कोट सफिल रोड और वराछा रोड में सभाएं की। कोट सफिल रोड की सभा में उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदू बनने निकले हो तो, मंदिर जा रहे हो तो नवरात्रि में नौ दिन का उपवास भी रखना। उन्होंने कहा कि मटन खाने से उर्दू नहीं आती और जनेऊ पहनने से कोई ब्राह्मण नहीं बन जाता।
'2002 से गुजरात में हो रहा विकास'- - परेश ने कहा कि कांग्रेस गुजरात में लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। 2002 से गुजरात में विकास हो रहा है। कांग्रेस को वोट देने से पहले आप अपनी अंतरात्मा से पूछें कि आप मोदी को चाहते हैं या राहुल गांधी को। पाटीदार आरक्षण के मुद्दे पर परेश रावल ने कहा कि आरक्षण आंदोलन के नेता कांग्रेस के साथ हो गए हैं। कांग्रेस ने सरदार का अपमान किया है। 1990 तक संसद हॉल में कांग्रेस ने सरदार की फोटो तक नहीं लगाई थी, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयीने लगवाया। सभा में परेश रावल ने करीब 40 मिनट तक भाषण दिया।
पाटीदार युवक ने बीजेपी कैंडिडेट से पूछा सवाल- - परेश रावल की नाना वराछा में हुई सभा में वराछा से बीजेपी कैंडिडेट कुमार कनाणी ने पाटीदार अनामत आंदोलन (पास) पर सामान न लौटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाटीदार आंदोलन शुरू हुआ तो उसके कार्यकर्ताओं को मदद के लिए मैंने जो चीजें दी थीं, उन्हें अभी तक लौटाया नहीं तो वे समाज का क्या भला करेंगे। पाटीदारों के बारे में कनाणी जब बोल रहे थे तो उसी दौरान सभा से एक पाटीदार युवक ने जय पाटीदार, जय सरदार का नारा लगाते हुए कहा कि अहमदाबाद के जीएमसी मैदान में जो पाटीदारों के साथ हुआ था, उसकी बात क्यों नहीं करते।
पाटीदारों का हंगामा देख चले गए परेश-- नाना वराछा में परेश रावल की सभा के आखिरी वक्त में पाटीदार युवकों ने शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। एक युवक को सुरक्षाकर्मी स्टेज के पीछे ले गए थे। इसकी वजह से पाटीदारों ने विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध होता देख परेश रावल अपने दल के साथ वहां से रवाना हो गए। उनके जाने के बाद पुलिस ने विरोध को शांत कराया। इधर, पूरे स्टेज को पांच मिनट में ही हटा दिया गया।

No comments:
Post a Comment