मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में मंगलवार दोपहर को भारी बारिश हुई. हालांकि इस कारण कहीं से भी पानी भरने की खबर नहीं है, लेकिन खराब मौसम के चलते शाम को एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता घटकर 250 मीटर तक ही रह गई. इस कारण विमान सेवा रोक दी गई और चार फ्लाइट्स को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया है.
दरअसल मौसम विभाग ने मुंबई और तटीय कोंकण इलाके में भारी बारिश की आशंका जताई है. मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को अलर्ट जारी करते हुए बताया कि दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और बंगाल की खाड़ी के ऊपर हवा के कम दबाव के कारण भारी बारिश की संभावना बन रही है. ऐसे में अगले 48 से 72 घंटों के दौरान मुंबई समेत कोकण इलाके में बहुत तेज बारिश हो सकती है.
दरअसल मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार गरज के साथ बारिश हो रही है. ऐसे में IMD का यह पूर्वानुमान मुंबईकरों के लिए एक बार फिर मुसीबत का सबब बन सकता है. हालांकि बृहनमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन सेल से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि अब तब शहर के किसी हिस्से से अप्रिय घटना की खबर नहीं है.
बता दें कि पिछले महीने 29 अगस्त को मुंबई में महज 24 घंटे के अंदर 331 मिलीमीटर की जोरदार बारिश हुई थी. इस कारण सड़कें और रेललाइनें घंटों पानी में डूबी रहीं और लोग भी दफ्तरों और रेलवे स्टेशनों पर फंसे रहे थे. हालांकि प्रशासन का दावा है कि वह पूरी तरह सर्तक है और सारी तैयारियां कर ली गई हैं.

No comments:
Post a Comment