सूरत.क्राइम पेट्रोल देखकर एक 14 साल के नाबालिग ने अपनी नानी की हत्या कर दी। नाती ने ठीक उसी तरीके से अपनी नानी को मारा जिस तरीके से क्राइम पेट्रोल के एपिसोड में एक बच्चा अपनी दादी को मारता है। अप्रैल में हुई हत्या के पांच महीने तक आरोपी का सुराग नहीं मिल पाया था। आखिरकार पुलिस ने शुक्रवार को नानी की हत्या के आरोप में नाबालिग को अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने सरकार की ओर से नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की नानी उसे टीवी देखने के लिए रोकती थी।
डॉक्टर ने कह दिया था कि महिला की हत्या की गई है--- जब पार्वतीबेन का पोस्टमोर्टम हुआ तब डॉक्टर ने मौखिक रूप से कहा था कि पार्वतीबेन की हत्या हुई है। पुलिस ने डॉक्टर से आग्रह किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कॉपी देंगे तभी मामला दर्ज किया जा सकेगा। रिपोर्ट की कॉपी भी ढाई महीने पहले आ गई थी, लेकिन तत्कालीन पुलिस इंस्पेक्टर ने ध्यान ही नहीं दिया। नए इंस्पेक्टर ने मामला दर्ज कराया और उसकी तहकीकात की।
अपनी बेटी के यहां रहने गई थी महिला--- प्राप्त जानकारी के अनुसार 64 साल की पार्वतीबेन ठोकरभाई पटेल कतारगाम में गोतालावाडी के पास अंजीरिया वाडी में अपने पति और बेटे के साथ रहती थीं। किसी ने उन्हें बताया कि उनके घर में भूत-प्रेत का साया है तो वह डर गईं और कुछ दिन अपनी बेटी के घर रहने के लिए चली गईं। उनकी बेटी डिंडोली में मातृभूमि स्कूल के पास जलाराम सोसायटी में रहती है। 23 अप्रैल 2017 को पार्वतीबेन बेटी के घर आई थीं और 26 अप्रैल को उनकी हत्या कर दी गई।
घर पर नानी के साथ अकेला था नाती--- पुलिस के मुताबिक नाबालिग आरोपी अनिल (बदला नाम) से पूछताछ में पता चला कि वह कक्षा नौ में पढ़ता है। उसे टीवी देखने की आदत थी। खासकर वह क्राइम पेट्रोल देखा करता था। वह स्कूल से आने के बाद टीवी देखने में जुट जाता था। उसकी यह आदत पार्वतीबेन को पसंद नहीं थी। 26 अप्रैल को अनिल के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर पार्वतीबेन और अनिल ही थे। अनिल स्कूल से आने के बाद टीवी देखने लगा। वह क्राइम पेट्रोल का एपिसोड देख रहा था।
क्राइम पेट्रोल में जैसा देखा उसी तरीके से मारा--- अनिल क्राइम पेट्रोल देख रहा था। क्राइम पेट्रोल में एेसा एपिसोड चल रहा था, जिसमें दादी अपने पोते की टीवी देखने की आदत से परेशान थी और उसे इस बात को लेकर डांटती रहती थी। दादी की इस आदत से चिढ़ कर पोता पहले उसका गला दबाकर हत्या कर देता है और बाद में उसके बाद हाथ की नस काटता और पेट में चाकू मार देता है। जब यह एपिसोड चल रहा था उसी समय पार्वतीबेन ने अनिल को टीवी देखने के लिए डांटा। इससे गुस्साए अनिल ने भी क्राइम पेट्रोल एपिसोड की तरह पार्वतीबेन का पहले गला दबाया, उसके बाद हाथ की नस काटी और बाद में पेट में चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी।
परिजनों ने पुलिस को किया गुमराह-- पार्वतीबेन की एफएसएल रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि उनकी हत्या की गई है। लेकिन उनके परिवारवालों ने पुलिस को गुमराह किया और बताया कि पार्वतीबेन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। शायद इसी कारण उन्होंने अपने हाथ की नस काट ली हो। पुलिस ने मामले की तहकीकात की तो पता चला कि पार्वतीबेन के नाती ने ही उनकी हत्या की थी।

No comments:
Post a Comment