Sunday, 12 February 2017

ऑनलाइन महाठगी: रोजाना 3 हजार लोग अनुभव के झांसे में आ रहे थे

घर बैठे कमाई का लालच देकर एब्लेज इंफो कंपनी का निदेशक अनुभव मित्तल रोजाना तीन हजार नए लोगों को अपने झांसे में ले रहा था। एसटीएफ को अनुभव के गाजियाबाद कार्यालय में जांच के दौरान एक हजार से ज्यादा लोगों के बैंक ड्राफ्ट मिले हैं। इन ड्रॉफ्ट की कुल धनराशि सात करोड़ है। एसटीएफ ने कार्यालय से 32 सीपीयू भी बरामद किए हैं। एसटीएफ का कहना है कि अनुभव मित्तल मार्च में आस्ट्रेलिया जाकर विश्व कीर्तिमान बनाने की योजना बना रहा था।
एसटीएफ ने नौ फरवरी को एब्लेज इंफो सॉल्यूशंस कंपनी के निदेशक अनुभव मित्तल, सीईओ श्रीधर प्रसाद तथा तकनीकी प्रमुख महेश दयाल से पूछताछ करने के लिए रिमांड पर लिया था। शनिवार को एसटीएफ टीम ने गाजियाबाद के आरडीसी स्थित एब्लेज के कार्यालय से 32 सीपीयू बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक हजार से ज्यादा बैंक ड्रॉफ्ट मिले हैं। इनकी धनराशि लगभग सात करोड़ रुपये है। एसटीएफ ने एक फरवरी को जब अनुभव की कंपनी के नोएडा सेक्टर-63 स्थित कार्यालय तथा गाजियाबाद में छापा मारा था। तब यह बैंक ड्रॉफ्ट इस्तेमाल नहीं हो पाए थे। सूत्रों का कहना है कि रोजाना अनुभव का मायाजाल तीन हजार से ज्यादा लोगों को अपनी ओर खींच रहा था। घर बैठे कमाई के लालच में लोग उसे एनईएफटी, पीओएस(प्वाइंट ऑफ सेल) तथा बैंक ड्रॉफ्ट के जरिए सदस्यता शुल्क दे रहे थे। एसटीएफ का कहना है कि बैंक ड्रॉफ्ट तथा एनईएफटी दोनों के जरिए ही शुल्क लिया जा रहा था।
रिमांड पर एसटीएफ को पूछताछ में पता चला है कि अनुभव 13 मार्च से 150 लोगों के साथ आस्ट्रेलिया जाने की तैयारी में था। अनुभव के जेपी ग्रींस स्थित विला से जांच में 36 पासपोर्ट बरामद हुए हैं। एसटीएफ टीम ने एब्लेज कंपनी के नाम ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रींस में खरीदे गए पांच करोड़ रुपये के विला तथा ओमेक्स कंपनी के ग्रेटर नोएडा में खरीदी गई सात करोड़ रुपये की व्यवसायिक संपत्ति पर भी जांच की। जांच में एसटीएफ को 36 पासपोर्ट मिले हैं। अनुभव ने पूछताछ में बताया कि यह पासपोर्ट उसके डायमंड तथा गोल्ड डिस्ट्रीब्यूटरों के हैं। कंपनी 13 मार्च से 19 मार्च तक छह दिन एवं सात रात के टूर पर 150 डिस्ट्रीब्यूटरों को आस्ट्रेलिया घुमाने ले जा रही थी। 150 सदस्यों का यह दल आस्ट्रेलिया में स्काई डाइविंग का अंतर्राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने के लिए आसमान में हवाई जहाज से छलांग लगाते। गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्डस में इस सामूहिक स्काई डाइविंग को दर्ज कराने की तैयारी भी चल रही थी।
श्रीधर को मिली थी जिम्मेदारी
कंपनी के सीईओ श्रीधर प्रसाद को टूर के लिए सदस्यों तथा आस्ट्रेलिया में कंपनियों के साथ समन्वय करने की जिम्मेदारी दी गई थी। एसटीएफ को जांच में जानकारी मिली कि पूना की एक कंपनी को तीन करोड़ रुपये का चेक टूर की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए दिया गया था। एसटीएफ ने तीन करोड़ रुपये लेने वाली कंपनी को चेक की धनराशि प्रयोग ना करने के लिए कहा है।
एक दिन में 45 करोड़ की कमाई
एसटीएफ का कहना है कि अनुभव की कंपनी को जनवरी माह में एक दिन में 45 करोड़ रुपये सदस्यों से मिले। 57500 रुपये के पैकेज के हिसाब से यह धनराशि सात हजार से ज्यादा लोगों द्वारा दी गई थी। कंपनी का सबसे ज्यादा कारोबार नोटबंदी के दौरान नवंबर, दिसंबर तथा नोटबंदी के बाद जनवरी में हुआ। यही वजह है कि इन दिनों वह तीन हजार से ज्यादा लोगों को अपने साथ जोड़ रहा था।
20 अप्रैल तक वेब वर्क में काम बंद
सेक्टर-2 स्थित वेब वर्क ट्रेड लिंक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने 20 अप्रैल तक काम बंद कर दिया है। इस कंपनी की पुलिस में शिकायत हुई है। जिसमें निवेशकों ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने एब्लेज की तरह ही उनके साथ धोखाधड़ी की है। कंपनी के निदेशक संदेश वर्मा तथा अनुराग गर्ग ने अखबारों में विज्ञापन देकर जानकारी दी है कि कंपनी सितंबर 2016 से काम कर रही है। बैंकिंग प्रणाली में बदलाव के चलते कंपनी 20 अप्रैल तक काम नहीं कर पाएगी। सूत्रों का कहना है कि आयकर एवं ईडी शीघ्र ही इस कंपनी की जांच शुरु कर सकते हैं।
9400 शिकायतें ईमेल पर एसटीएफ को मिल चुकी हैं
6.30 लाख लोगों के साथ अनुभव ने धोखाधड़ी की
37 अरब रुपये का है अनुभव का सोशल मीडिया ट्रेड फर्जीवाड़ा
579 करोड़ रुपये एसटीएफ अभी तक सीज कर चुकी है

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...