Wednesday, 25 January 2017

प्रियंका-रोबर्ट वाड्रा बोले-इनकी यही मानसिकता, कटियार का माफ़ी से इंकार

प्रियंका गांधी ने खूबसूरती को लेकर की गई टिपण्णी का जवाब बीजेपी नेता और सांसद विनय कटियार को दिया है। प्रियंका गांधी ने विनय कटियार को जवाब देते हुए कहा है कि बीजेपी का कहना सही है, उनके पास अधिक सुंदर उम्मीदवार हैं। प्रियंका गांधी ने कहा की अगर वो मेरी मजबूत, बहादुर और सुंदर साथियों, जिन्होंने बड़ी मुश्किलों को पार कर यहां तक पहुंची है, उनमें सिर्फ यही देखते हैं तो मुझे इसपर हंसी आती है।
उन्होंने कहा की इस तरह के बयान से देश की आधी आबादी को लेकर बीजेपी की मानसिकता को लोगों के सामने रखा गया है। वहीँ प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने बीजेपी नेता विनय कटियार के बयान की निंदा करते हुए कहा की इस तरह के बयान हमारे कुछ राजनेताओं की मानसिकता को दर्शता है। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि कटियार को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए। जबकि एक टीवी कार्यक्रम में बहस के दौरान विनय कटियार ने प्रियंका गांधी को लेकर दिए विवादित बयान पर माफ़ी मांगने से इंकार किया। आपको बता दें की भाजपा नेता और सांसद विनय कटियार ने चुनाव प्रचार को लेकर प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक बयान दिया था। यूपी में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनसे ज्यादा बहुत सी सुंदर लड़कियां, महिलाएं और हीरोइन हैं, जो स्टार प्रचारक हैं। इससे क्या फर्क पड़ता है। गौरतलब है की यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सपा के बीच गठबंधन हुआ है, जिसमें सपा 298 और कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में अहम भूमिका निभाने के बाद प्रियंका गांधी अब विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगी। पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में सोनिया और राहुल गांधी के साथ उनका नाम शामिल किया गया है। स्टार प्रचारकों में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद और राज बब्बर का नाम भी शामिल है।
पीएम माफी मांगे: कांग्रेस
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कटियार का यह बयान भारत में महिलाओं के प्रति भाजपा नेतृत्व के नजरिये को दर्शाता है। पीएम मोदी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा के स्टार प्रचारकों में कटियार का नाम नहीं- भाजपा ने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार और वरुण गांधी को यूपी में अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल नहीं किया है। शनिवार को जारी सूची में केंद्रीय और बाहरी नेताओं की प्रमुखता दी गई है।
भाजपा के स्टार प्रचारकों में मोदी, शाह, राजनाथ, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अरुण जेटली, वेंकैया नायडू, स्मृति ईरानी, उमा भारती, कलराज मिश्र, मेनका गांधी, राम विलास पासवान, मुख्तार अब्बास नकवी, पीयूष गोयल, महेश शर्मा, संजीव बालियान, वी के सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, संतोष गंगवार, वसुंधरा राजे सिंधिया, मथुरा से सांसद हेमा मालिनी जैसे भाजपा के कद्दावर नेता शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...