अखिलेश यादव के समाजवादी पार्टी से निष्कासन के फैसले से सरकार में आया भूचाल अब थम गया है। शनिवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव व आजम खां की मौजूदगी में हुई बैठक के बाद निष्कासन आदेश वापस लिए जाने पर सपाइयों ने हर्ष जताया है।यूपी के मुरादाबाद के वरिष्ठ सपा नेता विनोद गुंबर, मोहम्मद कामिल मंसूरी और सयुस के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद जुबैर असद ने सीएम अखिलेश का निष्कासन वापस लेने पर नेताजी को धन्यवाद अपने तरीके से दिया। इन तीन नेताओं ने नेताजी को अपने खून से धन्यवाद पत्र लिखकर भेजा है।
एक घंटे की बैठक में संकट खत्म-समाजवादी पार्टी के लिए आजम खान संकटमोचन बन गए। उन्होंने पहले मुलायम सिंह से मुलाकात की और उसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर मुलायम के घर पहुंचे जहां करीब एक घंटे बैठक हुई। इस बैठक के बाद सपा में चल रहा संकट खत्म हो गया। बैठक खत्म होते ही अखिलेश और रामगोपाल का निष्कासन वापस ले लिया गया।अखिलेश, आजम खान के साथ सपा अध्यक्ष व अपने पिता मुलायम से मिलने उनके 5, विक्रमादित्य मार्ग आवास पहुंचे। आजम पिता-पुत्र दोनों के करीबी बताए जाते हैं। मुलायम से मिलने शिवपाल भी अपने बेटे आदित्य यादव के साथ पहुंचे थे। सपा सूत्रों के मुताबिक, मुलायम ने अखिलेश से कहा, ‘मैं कभी तुम्हारे खिलाफ नहीं था। तुम्हारे खिलाफ होता तो तुम्हें मुख्यमंत्री क्यों बनाता?’

No comments:
Post a Comment