Thursday, 3 November 2016

गठबंधन या महागठबंधन की मुझे जानकारी नहीं : अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा नेताजी के साथ प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के यात्रा को रवाना करने के कार्यक्रम में आने की मुझे बेहद खुशी है। लोग हवा उड़ा रहे थे कि शिवपाल ने मना कर दिया।
लखनऊ – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव परिवार के बीच की तल्खी को कम करने के पूरे प्रयास में हैं। लखनऊ से उन्नाव तक आज विकास रथ यात्रा पर निकले अखिलेश यादव को सबसे अधिक खुशी राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के साथ प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के यात्रा को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में आने से हुई। यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने अपनी इस खुशी का इजहार भी किया। गाड़ी के गोमतीनगर के पत्रकारपुरम में पहुंचने पर उन्होंने कहा कि नेताजी के साथ प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के यात्रा को रवाना करने के कार्यक्रम में आने की मुझे बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि कल तक लोग बेवजह हवा उड़ा रहे थे कि शिवपाल सिंह यादव ने कार्यक्रम में आने से मना कर दिया है।
सीएम आजादनगर पड़ाव की ओर- मुख्यमंत्री की समाजवादी विकास रथ यात्रा चरणवद्ध तरीके से स्वागत द्वारों और जनमानस के बीच से उठते जिंदाबाद के नारों से मुखातिब होते हुए उन्नाव के नवाबगंज, चमरौली, दही चौकी पहुंचा। यहां भव्य स्वागत से अविभूत हो अखिलेश अपनी यात्रा लेकर आगे के लिए बढ़े। अब उनका काफिला आजादनगर की ओर बढ़ रहा है। यहां के स्पोर्ट्स स्टेडियम में वह एक सभा को संबोधित करने जा रहा हैं। इससे पहले उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान नवाबगंज में बसपा प्रमुख मायावती को निशाना बनाया। उन्होंने बसपा मखिया पर विकास के पैसों से हाथी बनवाने का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस तथा कुछ अन्य दलों से गठबंधन की कवायद पर कहा कि इस बारे में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ही कोई निर्णय करेंगे। अखिलेश ने अपनी, ’विकास से विजय की ओर रथयात्रा ’की शुरुआत के मौके पर कांग्रेस तथा समाजवादी एवं चरणसिंहवादी दलों के साथ गठबंधन की सम्भावनाओं सम्बन्धी सवाल पर कहा कि सरकार बनाने के लिये राष्ट्रीय अध्यक्ष जी तय करेंगे कि उनको क्या करना है।
वह बहुत सोच समझकर फैसला करेंगे उन्होंने कहा कि अभी गठबंधन की शुरुआत हुई है या नहीं यह भी हमें नहीं पता। क्या बात हो रही है, यह भी हमें नहीं पता। गठबंधन होगा, तब कौन ज्यादा पायेगा या खोएगा, इस बारे में राजनीतिक दलों को खुद ही फैसला करना होगा।मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में हाशिये पर पहुंच चुकी कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के मिशन पर काम कर रहे चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की सपा मुखिया से पिछले दिनों हुई मुलाकात और सपा द्वारा आगामी पांच नवम्बर को होने वाले अपने रजत जयन्ती कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रीय लोकदल, जनता दल सेक्युलर इत्यादि के नेताओं को न्यौता दिये जाने के बाद सूबे में महागठबंधन की सुगबुगाहट तेज हो गयी है।
यात्रा की शुरुआत के मौके पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ-साथ सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव के भी शरीक होने पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और हाल में निष्कासित किये गये उनके चाचा रामगोपाल यादव भले ही आज रथयात्रा में शामिल नहीं हो सके लेकिन उन्हें इन दोनों का ही आशीर्वाद प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि अभी तो प्रदेश में कई जगह रथयात्रा जाएगी। भविष्य में आजम और रामगोपाल जरूर उनके साथ होंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि मेरे ऊपर नेताजी तथा चाचा शिवपाल के साथ ही आजम खां व प्रोफेसर चाचा का भी आशीर्वाद है। प्रदेश में किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन की बात शुरुआत होने के बारे में अखिलेश ने कहा कि अभी मुझे इसके बारे में कुछ भी पता नहीं है। गठबंधन या फिर किसी महागठबंधन की मुझे जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हम जनता के भरोसे एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरेंगे। उन्होंने साफ कहा कि न हम किसी से नाराज हैं, न ही कोई हमसे।
उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन मिले, तो फिर एक बार हमारी सरकार बनेगी। हमको जनता के बीच सरकार के कामों को बताना है। इस दौरान कई यात्राएं होंगी, अब जनता आंकलन करेगी। अखिलेश ने भरोसा जताया कि समाजवादी सरकार बहुमत की बनने वाली है। जनता सरकारों के कामों का आंकलन करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार भी समाजवादी पार्टी के अलावा किसी को जनता का समर्थन नहीं मिलेगा। हमारे साथ जनता है। अब भी प्रदेश का मुस्लिम समाजवादी पार्टी के साथ ही धर्मनिरपेक्ष पार्टी के साथ है।

अखिलेश से युवाओं को बहुत आशा : डिंपल ..... आगे पढ़े 

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...