भारतीय सेना द्वारा सीमा पार की गई सर्जिकल स्ट्राइक का उत्तर प्रदेश और गुजरात में भारी असर साफ महसूस किया जा सकता है, जहां विधानसभा के चुनाव होने हैं। ये दोनों ऐसे राज्य हैं, जिनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के लिए खास महत्व है। गुजरात प्रधानमंत्री का गृह राज्य है, इसलिए वहां जीत या हार का श्रेय उन्हें ही जाएगा, साथ ही सीमावर्ती राज्य होने के कारण पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के तनाव का भी यहां असर पड़ेगा। अतीत में जब भी पाकिस्तान को कोसा गया है, भारतीय जनता पार्टी को भारी चुनावी फायदा मिला है। कहने की जरूरत नहीं कि उत्तर प्रदेश ही यह तय करेगा कि भाजपा 2019 में दिल्ली की गद्दी पर फिर से कब्जा कर सकती है या नहीं।
यूपी मे बीजेपी को पाकिस्तान मे हुई सर्जिकल स्ट्राईक से नई संजीवनी मिल गई है ! पश्चिमी उत्तर प्रदेश मे कुछ जगहो पर मोदी की सर्जिकल स्ट्राईक के पोस्टर भी लगाये गये ! इसको बड़े पैमाने पर प्रचारित किया जाने लगा है ! हालाँकि बीजेपी इसको आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं कर रही है सर्जिकल स्ट्राइक को सेना की कार्यवाई बता रही है लेकिन देश भर में डिबेट शुरू हो गई है कि बीजेपी इस हमले के माध्यम से चुनावी फायदा लेने की फ़िराक में है. बीजेपी की कोशिश है कि देश मे एक मजबूत सरकार है और ऐसी ही सरकार की यूपी मे जरुरत है. पाक-विरोधी भावना, देशभक्ति के जज्बे को भाजपा विधानसभा चुनाव में भुनाएगी। पीएम मोदी के साहसिक कदम को भी चुनाव में भुनाने की तैयारी होगी !अब कोशिश है कि पूरे प्रदेश मे पाकिस्तान विरोधी भावनाओ को बीजेपी के पक्ष में लाया जाए ! ऐसे मे बीजेपी नेतृत्व इसे चुनाव का बडा हथियार मान रहा है ! ऐसा होने पर सपा और बसपा को नए समीकरण तलाशने होंगे !
पाकिस्तान के खिलाफ ‘निर्णायक’ कार्रवाई करने के लिए अपने कट्टर समर्थकों के साथ देश भर के लोगों का प्रधानमंत्री पर काफी दबाव था। भारत के खिलाफ आतंकी कार्रवाई को मंजूरी दने वाले पाकिस्तान के खिलाफ पूरे देश की भावना सख्त होती जा रही है, जबकि पिछले कुछ महीने तक प्रधानमंत्री मोदी ने उसके साथ बेहतर रिश्ते बनाने की पहल की थी। आखिरकार वह मोदी ही थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री बनने से पहले 2013 में जब एक भारतीय जवान का सिर काट दिया गया था, तब कहा था कि भारत को पाकिस्तान के साथ ‘उसी भाषा में बात करनी चाहिए, जिसे वह समझता है’, न कि उसे ‘प्रेमपत्र’ भेजना चाहिए। देश के लोग पाकिस्तान की आतंकी कार्रवाइयों से आजिज आ गए क्योंकि उन्हें लग रहा था कि जाने किन वजहों से भारतीय नेतृत्व ‘निर्णायक’ कार्रवाई नहीं कर रहा है।स्वाभाविक रूप से मोदी को भी एहसास हुआ कि पाकिस्तान को अलग-थलग करने की कूटनीतिक पहल ही लोगों के क्रोध को शांत करने के लिए पर्याप्त नहीं है। यहां तक कि इस्लामाबाद में प्रस्तावित सार्क शिखर सम्मेलन को रद्द करवाने के लिए भारत ने दूसरे सदस्य देशों का समर्थन तक जुटाया, अमेरिका और रूस ने उड़ी के आतंकी हमले की निंदा की और प्रधानमंत्री ने सिंधु जल संधि और मोस्ट फेवर्ड नेशन के दर्जे पर पुनर्विचार करने की बात तक की। इसके पीछे विचार यही था कि पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ें और वह भारत के खिलाफ आतंकी गुटों का समर्थन खत्म करे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री की एक ‘दमदार नेता’की छवि भी दांव पर थी। इसी पृष्ठभूमि में सरकार ने देश दुनिया के सामने जाकर यह घोषणा करने का फैसला किया कि भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की है। इससे पहले भी भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के पार जाकर छोटे हमले किए हैं, लेकिन पहली बार खुद डीजीएमओ ने सर्जिरल स्ट्राइक की सार्वजनिक तौर पर जानकारी दी। उन्होंने यह भी बाताया कि इस पूरी कार्रवाई की फिल्म भी तैयार की गई है।मोदी अब भी भाजपा के सबसे कद्दावर नेता हैं और राज्य विधानसभा के चुनावों में भी वोट खींचने की क्षमता रखते हैं, यही वजह है कि पार्टी उत्तर प्रदेश और गुजरात में उनका व्यापक इस्तेमाल करेगी। दरअसल पार्टी उनकी छवि को किसी तरह के नुकसान को बर्दाश्त नहीं कर सकती थी, जिसकी शुरुआत हो चुकी थी। वैसे भी लोग प्रधानमंत्री की सिर्फ ‘अच्छी बातों’ से निराश हो चले थे, क्योंकि उन्हें जिन जमीनी बदलाव की उम्मीद थी, वह नहीं हो रहा था। मोदी ने अब दिखा दिया है कि वह सख्त फैसले लेने में सक्षम हैं।’राष्ट्रवाद’ का ऐसा मुद्दा सामने है, जिसके कारण भाजपा आसानी से गंगा के मैदानी इलाकों का गढ़ जीत सकती है, जिसके बहुत से लोग मुरीद हैं। हालांकि कोई भी निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन ताजा घटना उत्तर प्रदेश चुनाव की महत्वपूर्ण बहसों- दलितों का मुद्दा, भाजपा से नाराजगी, बसपा के साथ दलित-मुस्लिम गठजोड़ की संभावना आदि को पृष्ठभूमि में डाल दिया है। कम से कम खेल का पहला चरण तो नरेंद्र मोदी ने जीत लिया है, हालांकि स्पष्ट रूप से खेल खत्म नहीं हुआ है।
उत्तम जैन ( विद्रोही )

No comments:
Post a Comment