सूरत. कतारगाम के स्वामीनारायण मंदिर के एक साधु पर 20 साल की युवती ने 15 दिन में दो बार दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार पैसों की मदद लेने के लिए वह मंदिर गई थी, जहां साधु ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने किसी को इस बारे में नहीं बताने को भी कहा। युवती ने साधु के खिलाफ कतारगाम पुलिस स्टेशन में मंगलवार की रात करीब 10 बजे शिकायत दर्ज कराई है। कतारगाम पुलिस इंस्पेक्टर एमआई पठान ने बताया कि पीड़िता का कहना है कि उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। उसकी मां का हाथ दरवाजे में फंस गया था। इलाज कराने पर पता चला कि हाथ का ऑपरेशन कराना पड़ेगा। लड़की के पास पैसे नहीं थे और उसे नौकरी की भी जरूरत थी।
मंदिर से फोन आया था: युवती को उसके किसी करीबी ने बताया कि उसकी मदद स्वामीनारायण मंदिर में हो सकती है। बिना मंदिर गए करीब 15 दिन पहले युवती के पास मंदिर से फोन आया और मदद का आश्वासन दिया गया। पैसे देने के बहाने साधु ने युवती को मंदिर में बुलाया। युवती गई तो उसे मंदिर के एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने यह भी कहा कि पैसे लेने के लिए वह फिर उसे बुलाएगा।
दुष्कृत्य: मंगलवार को साधू ने युवती को दोबारा पैसे लेने के लिए बुलाया और उसके साथ फिर दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंच गई। पीआई पठान ने कहा कि युवती के अनुसार 15 दिनों में उसके साथ दो बार साधू ने दुष्कर्म किया। अभी तक जांच चल रही है, किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।

No comments:
Post a Comment