Saturday, 9 December 2017

पहले चरण की वोटिंग जारी, रुपाणी ने कहा, 'कोई चुनौती नहीं'

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के 19 जिलों में 89 सीटों पर पहले चरण में मतदान हो रहा है। इसके लिए कुल 977 उम्मीदवार मैदान में हैं। वोटिंग की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई जिसमें आम लोगों के साथ खास लोगों ने भी वोट डाला। 
बीजेपी की तरफ से सबसे पहले गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष जीतूभाई वघाणी ने भावनगर में वोट डाला। इसके बाद गुजरात सीएम विजय रुपाणी ने पहले मंदिर में पूजा-पाठ किया और राजकोट से वोट डाला। वह राजकोट पश्चिम की सीट पर कांग्रेस के इंद्रनील राज्यगुरू के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। वोट डालने के बाद रुपाणी ने कहा, 'हमें पूरा विश्वास है कि हम ही जीतेंगे। किसी तरह की चुनौती का कोई सवाल ही नहीं।' 
मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों की लंबी कतारें हैं। कुछ जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की भी शिकायतें मिलीं, जिस वजह से मतदान बाधित हुआ। गुजरात प्रधानमंत्री मोदी का गृह राज्य है और उन्होंने यहां जमकर प्रचार किया है। वहीं कांग्रेस ने भी प्रचार में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। यहां 2.12 करोड़ वोटर हैं। 

इस चरण में कच्छ, मोरबी, जामनगर, सुरेंद्रनगर, देवभूमि, द्वारका, राजकोट, बोटाद, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, गिर सोमनाथ, भावनगर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड जिलों में वोटिंग हो रही है। गुजरात में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर के बीच इसे प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिष्ठा और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिटमस टेस्ट के रूप में देखा जा रहा है। राहुल गांधी जल्द ही कांग्रेस के अध्यक्ष बनने वाले हैं। 
गुजरात में चुनाव प्रचार पीएम मोदी और राहुल गांधी के बीच टिका रहा और इस दौरान कई बार व्यक्तिगत निशाने भी साधे गए। इस बीच अयोध्या का मुद्दा, राहुल गांधी के प्रमोशन और उनके मंदिर दर्शन को भी खूब भुनाया गया। 

गुजरात में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी का सामना करने के लिए राहुल गांधी कांग्रेस की धुरी के रूप में सामने आए। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने 7 दिनों से ज्यादा का समय सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में गुजारा और 15 जनसभाओं को संबोधित किया। 

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...