Friday, 29 September 2017

लोग अभी भी कर रहे 'अच्छे दिनों' का इंतजार : शिवसेना

मुंबई, : भाजपा पर निशाना साधते हुए शिवसेना ने शुक्रवार को कहा कि लोग अभी भी 'अच्छे दिनों' का इंतजार कर रहे हैं जैसा कि राजग सरकार ने दावा किया था। पार्टी ने शिवसेना के खिलाफ टिप्पणी करने वाले भाजपा के मंत्री चंद्रकांत पाटिल की भी आलोचना की है।

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने इसी हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर शिवसेना खुद को धोखा दे रही है क्योंकि वह भी केंद्र और महाराष्ट्र सरकार का हिस्सा है। बता दें कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने पिछले दिनों महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

पार्टी ने अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय कहा है, 'जिन्हें लगता है कि शिवसेना ने अपना मजाक बनाया है, वे सत्ता के नशे में चूर हैं। लेकिन हमारे पैर मजबूती से जमीन पर जमे हैं। क्या आप (पाटिल) तब भी हंसेंगे अगर हम कहें कि सभी जगह लोग हंस रहे हैं क्योंकि सत्ता में आने के बाद भी अच्छे दिन (जैसा कि भाजपा ने वादा किया था) कभी नहीं आए।'

अगर भाजपा चाहती है कि शिवसेना विरोध करना बंद कर दे तो उसे गरीबों और किसानों से जुड़े मसले हल करने चाहिए। इसके अलावा महंगाई पर लगाम और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी की जाए। किसानों की कर्जमाफी के मसले को भी अधर में लटकाकर रखा गया है। सरकार की ओर से थोपी गई शर्तो को पूरा करने में किसान कठिनाई महसूस कर रहे हैं। पाटिल को सचेत करते हुए पार्टी ने वरिष्ठ भाजपा नेता एकनाथ खडसे का हवाला दिया है जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर पिछले साल राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था।

संपादकीय के मुताबिक, 'चंद्रकांत पाटिल के अपनी पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से अच्छे संबंध हैं और वह राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री भी हैं। वह मुख्यमंत्री पद के भी दावेदार भी हैं। लेकिन, एकनाथ खडसे के साथ जो कुछ हुआ, उससे उन्हें सबक लेना चाहिए। वह भी मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे।'

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...