Tuesday, 9 May 2017

आप में रारः कपिल मिश्रा ने CBI में दर्ज कराई 3 शिकायतें, कल से कर सकते हैं अनशन

आम आदमी पार्टी से निलंबित किये गए दिल्ली के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई है। कपिल मिश्रा ने केजरीवाल के अलावा केजरीवाल के रिश्तेदारों के लिए कराई गई लैंड डील और आप नेताओं के विदेश दौरों के लेकर शिकायत की है। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा है कि अगर कल तक आप नेताओं ने विदेश दौरों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की तो वे अनशन पर बैठेंगे। 
सीबीआई दफ्तर में अपने ट्रिपल अटैक के बारे में बताते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्होंने सीबीआई में तीन एफआईआर दर्ज कराई है। पहली शिकायत 2 करोड़ रुपये के लेनदेन को लेकर है। दूसरी शिकायत केजरीवाल के रिश्तोंदार को कराई गई लैंड डील के बारे में है और तीसरी शिकायत आप नेताओं के विदेश दौरे से संबंधित है। उन्होंने आप आदमी पार्टी को धमकी देते हुए कहा कि अगर कल तक इन लोगों ने विदेश दौरे से जुड़ी सभी जानकारी ( कौन-कौन लोग विदेश गए, कहां गए, कहां ठहरे, कितना खर्च आया) सार्वजनिक नहीं किया तो वे अनशन करेंगे। 
भाजपा का प्रदर्शन
उधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कथित रूप से घूस लेने के आरोप के बाद भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के सदस्यों ने उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।
कपिल मिश्रा का खुला पत्र
इससे पहले आज सुबह करीब 9.15 बजे कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एक खुला पत्र जारी किया। अपने पत्र में केजरीवाल को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखा है कि आज वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने जा रहे हैं। पूर्व मंत्री ने खत पढ़ते हुए बताया कि आज कई बातें मन में आर रही हैं, कई यादें हैं मन में। जिससे भ्रष्टाचार से लड़ना सीखा है उसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने जा रहा हूं।
कपिल ने आगे कहा कि जिस गुरु से मैंने बाण चलाना सीखा है उसी पर आज तीर चलाना है, कृपया मुझे आशीर्वाद दें। मैंने आप को ही देख-देख कर जो सीखा है अब वही कर रहा हूं। आपके खिलाफ मेरे पास पुख्ता सबूत हैं। आप मेरे भगवान हैं लेक‌िन आपके भ्रष्टाचार के ख‌िलाफ एफआईआर सीबीआई में दर्ज कराऊंगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि मैं केजरीवाल जी को 15 सालों से जानता हूं, उनकी हर एक चाल से वाक‌िफ हूं। इसील‌िए मैं हर कदम फूंक-फूंक कर रख रहा हूं।
चुनाव लड़ने की चुनौती
कप‌िल ने आगे केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा क‌ि अगर आप में ह‌िम्मत है तो करावल नगर से दोबारा चुनाव लड़कर द‌िखाइए। आपके पास पैसा है लोग हैं, मैं ब‌िल्कुल अकेला हूं, मेरे पास पैसे भी नहीं है। तो आइए चुनाव लड़‌िए और जीत कर द‌िखाइए। आपको इस्तीफा देने की भी जरूरत नहीं है, आप द‌िल्ली सीट से व‌िधायक बने रह‌िए और मेरे क्षेत्र करावल नगर से चुनाव लड़‌िए और जीत कर द‌िखाइए। मुझे पता है क‌ि आप आज व‌िधानसभा में अपने ल‌िए ताल‌ियां बजवाएंगे और मुझे गाल‌ियां पड़वाएंगे। वहां आपके लोग हैं आपकी सत्ता है लेक‌िन मैं आपकी हर चाल जानता हूं। मुझे पता चला है क‌ि आप मेरी व‌‌िधानसभा की सदस्यता भी खत्म करवाने वाले हैं। लेक‌िन मुझे फर्क नहीं पड़ता। इससे पहले कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर बताया था कि आज वे 9 बजे सुबह एक बड़ा ऐलान करने जा रहे हैं। 
जांच के समर्थन में अन्ना
 उधर समाजसेवी अन्ना हजारे ने भी आरोपों की जांच का समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल पर जो आरोप लग रहे हैं उनकी जांच होनी ही चाहिए।
कपिल मिश्रा आप से निलंबित
वहीं सोमवार को कपिल मिश्रा को ‘आप’ की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया। सोमवार शाम को पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। इससे पहले, कपिल मिश्रा ने नए आरोप लगाते हुए कहा कि  मंत्री सत्येंद्र जैन ने मुख्यमंत्री के साढ़ू के लिए 50 करोड़ रुपये की जमीन का सौदा कराया था। उन्होंने कहा कि वह मंगलवार सुबह 11.30 बजे सीबीआई को मामले से जुड़े सबूत सौपेंगे और एफआईआर दर्ज कराएंगे।
‘आप’ का वार 
‘आप’ की ओर से पाटी नेता संजय सिंह ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा, ‘मुख्यमंत्री पर लगे आरोप बिल्किुल निराधार हैं। अगर कपिल मिश्रा इतना बड़ा खुलासा कर रहे हैं तो ये क्यों नहीं बता रहे हैं कि वो सीएम से मिलने कितने बजे गए थे। कपिल मिश्रा भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं, मेरी इस बात का जवाब कपिल मिश्रा ने नहीं दिया।’उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे।  
कपिल का पलटवार
संजय सिंह की सफाई पर पलटवार करते हुए कपिल मिश्रा ने कहा, ‘सत्येंद्र जैन ने मुझे खुद बताया कि छतरपुर में एक सात एकड़ के फॉर्म के लिए और पीडब्लूडी विभाग के दस करोड़ के फर्जी बिलों को सही साबित करने का काम जिसके लिए किया वह अरविंद के साढू लगते हैं। जैन ने बंसल परिवार के लिए यह सौदा कराया।’ वहीं, संजय सिंह पर पंजाब चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि पंजाब में टिकटों के लेन देन के लिए पैसों का इस्तेमाल किया गया।
सत्येंद्र जैन की सफाई
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कपिल मिश्रा के लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए पहली बार सामने आए। जैन ने कहा कि झूठ बोलने की हद है। उन्होंने कहा कि मैं तो 5 मई को मुख्यमंत्री आवास में था ही नहीं। यह मैं साबित कर सकता हूं। 50 करोड़ की जमीन का सौदा करवाने के आरोपों पर सत्येंद्र जैन ने कहा कि कपिल मिश्रा अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। इसके साथ ही मंत्री ने कहा कि अगर ऐसा है तो कपिल मिश्रा को सबूत लेकर आना चाहिए। 
पार्टी विधायक बने रहेंगे
कपिल मिश्रा को निलंबित किए जाने का मतलब है कि वह पार्टी के विधायक बने रहेंगे। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यदि कपिल को पार्टी से बाहर किया जाता तो आप के विधायक की संख्या एक और कम हो जाती। कपिल दूसरी पार्टी में जाने के लिए स्वतंत्र हो जाते।

एसीबी को सबूत सौंपे 
कपिल मिश्रा ने 400 करोड़ रुपये के टैंकर घोटाला मामले के सबूत सोमवार को दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) को सौंप दिए। मिश्रा का दावा है कि वह बतौर मंत्री एक साल पहले ही इस कथित घोटाले की विभागीय जांच करा कर इसकी रिपोर्ट केजरीवाल को सौंप चुके हैं। इसमें उन्होंने टैंकर घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराकर जांच कराने की सिफारिश की थी।
लाई डिटेक्टर जांच को तैयार
केजरीवाल पर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से दो करोड़ रुपये लेने के बयान पर मिश्रा सोमवार को भी कायम रहे। उन्होंने इसकी सच्चाई जानने के लिए उन तीनों का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की मांग की। उन्होंने कहा, इस आरोप से जुड़े सभी तथ्य वह सीबीआई को सौंपेंगे। साथ ही यह भी साफ किया कि वह भाजपा में कभी शामिल नहीं होंगे।

केजरीवाल ने चुप्पी तोड़ी
अरविंद केजरीवाल ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए ट्वीट किया कि जीत सत्य की होगी। कल विधानसभा के विशेष सत्र से इसकी शुरुआत होगी।
सच्चाई छिप नहीं सकती: राहुल गांधी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर लगे आरोपों के संदर्भ में सोमवार को कहा कि सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता। उन्होंने ट्वीट किया 'सच्चाई के बारे में मुझे यह बात बहुत अच्छी लगती है कि वह सामने आ ही जाती है।' बता दें कि दिल्ली सरकार में जल संसाधन मंत्री रहे कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से  दो करोड़ रुपये लेने के आरोप लगाए हैं। 

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...