Thursday, 23 February 2017

इलाहाबाद में नौ बजे तक 10.3% और झांसी में 11% वोटिंग, सपा-बसपा समर्थकों में हुई झड़प

यूपी में हो रहे विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में अवध और बुंदेलखंड के 12 जिलों की 53 विधानसभा सीटों पर आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। महोबा में सपा और बसपा समर्थकों के बीच गोलीबारी हुई है। सपा उम्मीदवार सिद्धगोपाल साहू के बेटे साकेत साहू सहित तीन लोगों को गोली लगी जिसके बाद गंभीर हालात में दोनों को अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुबह नौ बजे तक यूपी के इलाहाबाद में 10.3 फीसदी, फतेहपुर में 9.8, ललितपुर में 9 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, ईवीएम मशीन खराब होने की वजह से रायबरेली जिले के सदर विधानसभा 180 के बूथ संख्या 256 में 2 घंटे विलंब से शुरू हुआ। इन 53 विधानसभा सीटों पर कुल 680 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 61 महिला उम्मीदवार हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बुधवार को बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन 53 सीटों में बीएसपी ने सभी 53 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं जबकि भाजपा ने 48, कांग्रेस ने 25, सपा ने 33, एनसीपी ने तीन, सीपीआई ने 17, सीपीआईएम ने तीन प्रत्याशी उतारे हैं।
गैरमान्यता प्राप्त छोटे राजनीतिक दलों के कुल 260 उम्मीदवार खड़े हैं और निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या 199 है। सबसे अधिक 26 प्रत्याशी इलाहाबाद उत्तर विधानसभा सीट पर खड़े हैं जबकि सबसे कम 6-6 उम्मीदवार फतेहपुर की खागा, प्रतापगढ़ की कुण्डा, कौशाम्बी की मंझनपुर सीट पर हैं। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए 1308 मतदान केन्द्रों पर डिजिटल कैमरे, 991 मतदान केन्द्रों पर वीडियो कैमरे लगाए गए हैं जबकि 2079 मतदान केन्द्रों पर मतदान की सारी गतिविधियों पर सीधे नज़र रखने के लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
ये हैं चौथे चरण के प्रमुख उम्मीदवार 
चौथे चरण के चुनाव में जिन प्रमुख प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा, उनमें कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा (रामपुर खास), बाहुबली निर्दल प्रत्याशी रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (कुंडा), बाहुबली विधायक अखिलेश सिंह की बेटी कांग्रेस प्रत्याशी अदिति सिंह (रायबरेली), विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे उत्कर्ष मौर्य (उंचाहार), सपा के वरिष्ठ नेता रेवती रमण सिंह के बेटे उज्ज्वल रमण सिंह (करछना) तथा विधानसभा में विपक्ष के नेता गयाचरण दिनकर (नरैनी) शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...