पंजाब में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी-अपनी पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। पंजाब चुनावों की घोषणा के बाद पहली बार ऐसा मौका आया है जब मोदी, केजरीवाल और राहुल गांधी तीनों ही दिग्गज नेता पंजाब में एक ही दिन मौजूद होंगे। पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए 4 फरवरी को मतदान होगा।पीएम मोदी आज जालंधर में रैली करेंगे फिर रविवार को लुधियाना में उनकी रैली होनी है। कांग्रेस के लिए प्रचार में शुक्रवार को खुद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब में मोर्चा संभालेंगे। वह अमृतसर में जनसभा करेंगे। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पंजाब के पटियाला में रोड शो करेंगे।
बादल के गढ़ में राहुल- राहुल गांधी 27 जनवरी से 29 जनवरी तक पंजाब में रहेंगे। इस दौरान वह बादल परिवार के गढ़ में चुनाव प्रचार करने अलावा अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी प्रचार करेंगे। राहुल आज को मजीठा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मजीठा विधानसभा क्षेत्र को अकालियों का गढ़ माना जाता है। यहां पर त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस के लाली मजीठिया का मुकाबला अकाली दल के दमदार नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और आम आदमी पार्टी के हिम्मत सिंह शेरगिल के साथ है। इसके अलावा राहुल 29 जनवरी को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के विधानसभा क्षेत्र लांबी में शुक्रवार को एक सभा को संबोधित करेंगे। बादल को इस सीट पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह चुनौती दे रहे हैं।
राहुल गांधी जलालाबाद में भी कुछ जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। कांग्रेस को पंजाब में सत्तारुढ़ अकाली-बीजेपी गठबंधन और आप से त्रिकोणीय मुकाबले का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी राज्य में पिछले एक दशक से सत्ता से बाहर है।

No comments:
Post a Comment