Monday, 2 January 2017

एक दल को बेटे की, दूसरे को पैसे और तीसरे को परिवार की चिंता: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में महापरिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। पीएम ने 40 मिनट तक अपना भाषण दिया। इस रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का आशीर्वाद मांगते हुए मुख्य रूप से सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी को निशाने पर रखा।  उन्होंने कहा कि एक दल अपने बेटे को प्रस्थापित करने के लिए पिछले 15 साल से कोशिश कर रहा है। दूसरा दल, पैसे बचाने में लगा हैं। तीसरा दल, परिवार का क्या होगा, इसमें लगा है।उन्होंने कहा कि यूपी में 14 साल के विकास का वनवास खत्म होना जरूरी है, इसके लिए पहली शर्त है कि उत्तर प्रदेश का भाग्य बदलना होगा। हिन्दुस्तान के विकास के लिए यूपी का आगे बढ़ना बहुत जरूरी है। रैली स्थल पर जुटी भीड़ देख कर मोदी ने कहा कि प्रधान सेवक के रूप में उन्हें कई रैलियों को संबोधित करने का अवसर मिला है, पर उन्हें अपने जीवन में इतनी बड़ी रैली को संबोधित करने का सौभाग्य नहीं मिला। लोकसभा चुनाव के दौरान भी ऐसा विशाल वृक्ष देखने का सौभाग्य नहीं मिला।
अटल बिहारी वाजपेयी का किया जिक्र-लखनऊ के विकास और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का जिक्र करते हुए मोदी ने यूपी की तत्कालीन कल्याण सिंह की सरकार की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद भीड़ देख कर यूपी चुनाव का हिसाब लगाने वालों को अब मेहनत नहीं करनी होगी कि उत्तर प्रदेश में क्या होने वाला है। यहां मौजूद लोगों की उपस्थिति में चुनाव का स्वरूप साफ नजर आ रहा है।
यूपी का भाग्य बदलना होगा- मोदी ने कहा कि आपने यूपी से एमपी बनाया तो केंद्र में 30 साल बाद पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। अब एक बार फिर विकास का नया अवसर आने का नजारा मैं देख रहा हूं। यूपी में भाजपा की सरकारें जाने के बाद से यहां 14 साल में विकास वनवास हो गया है। मेरी सोच है कि हिन्दुस्तान आगे बढ़े। गरीबी, निरक्षरता और बीमारी मिटे। यूपी से सारी कठिनाइयां दूर हों। इसकी पहली शर्त है कि उत्तर प्रदेश का भाग्य बदलना होगा। यूपी के लोग राजनीतिक दृष्टि और समझ रखने वाले लोग हैं। कभी जात-पांत आवश्यक रहा होगा। यूपी की जनता इसके नाम पर बहुत कुछ सहन कर चुकी है। अपने पराये से ऊपर उठ कर यूपी के विकास के लिए वोट कीजिये। आप देखिएगा कि यूपी बदलता है कि नहीं।
यूपी सरकार नहीं लेती कोई जिम्मेदारी –प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी में विकास तौल कर किया जाता है। राजनीति में विरोध होंगे, पर यही खेल खेलते रहोगे। उन्होंने यूपी सरकार को केंद्र से दी जाने वाली धनराशि का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को हर वर्ष एक लाख करोड़ रुपया ज्यादा खर्च करने के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि ढाई साल में मिले ढाई लाख करोड़ रुपये का सही से उपयोग हुआ होता तो यूपी का विकास हुआ होता। हाल यह है कि उत्तर प्रदेश सरकार कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। वह हर मामले में अपने हाथ ऊपर कर देती है। मोदी ने कहा कि यूपी की जनता के साथ राजनीति नहीं होनी चाहिये। विकास के आड़े राजनीति आती है तो विकास रुक जाता है।
विपक्ष पर साधा निशाना –मोदी ने सपा और बसपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कभी आपने इन दोनों को एक साथ देखा है। एक कहेगा कि सूरज उग रहा है तो दूसरा कहेगा कि सूरज ढल रहा है, पर नोटबंदी के बाद दोनों मोदी को हटाने के मुद्दे पर एक हो गए हैं। मैं कहता हूं कि भ्रष्टचार और कालेधन को हटाओ तो यह कहते हैं कि मोदी को हटाओ। रैली में आये लोगों से हामी भरवाते हुए कहा कि कालाधन खत्म होना चाहिये और भ्रष्टचार रुकना चाहिये कि नहीं? उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद जब गरीबों और छोटे-छोटे कारोबारियों के लिए नीतियां बनाईं तो विपक्ष परेशान। गरीबों को पैसे दे दें तो भी परेशान। इनकी कुर्सियां हिल रही हैं। ये लोग अब अपनी जमीन खो रहे हैं। गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों को बचाने के लिए हमारा प्रयास जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...