वलेटा। लीबिया के पूर्व तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी समर्थक अपहर्ताओं के कब्जे से अगवा विमान को माल्टा में छुड़ा लिया गया है। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। अगवा करने वाले दोनों आतंकियों को समर्पण करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। अफ्रीकिया एयरवेज के विमान एयरबस ए-320 में चालक दल के सात सदस्यों समेत कुल 118 यात्री सवार थे। इनमें दो आतंकी भी शामिल थे।
माल्टा के प्रधानमंत्री जोसेफ मस्कट ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विमान ने शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिम लीबिया के सबा से भारतीय समय के अनुसार दोपहर बाद 1.40 बजे त्रिपोली के लिए उड़ान भरी थी।
हैंडग्रेनेड के साथ विमान में सवार होने में सफल दोनों आतंकियों ने विमान को अगवा कर त्रिपोली के बजाय यूरोपीय देश माल्टा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड कराया। शुरुआत में आतंकियों ने मांग पूरी नहीं होने पर विमान उड़ाने की धमकी दी थी। माल्टा के सुरक्षाबलों ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान को घेर लिया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकियों ने गद्दाफी के समर्थन में नई पार्टी बनाने और उसका प्रचार करने के लिए विमान अगवा करने की बात कही है। एक आतंकी को गद्दाफी के समय का झंडा भी फहराते हुए देखा गया। विद्रोह भड़कने के बाद लीबियाई तानाशाह को 2011 में मार दिया गया था।
इससे पहले लीबियाई शहर सबा के मेयर कर्नल हामिद अल-खयाली ने बीबीसी से बातचीत के दौरान आतंकियों द्वारा माल्टा में शरण लेने के लिए विमान को अगवा करने का अंदेशा जताया था। हालांकि, अभी तक आतंकियों की मांग के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।


No comments:
Post a Comment