Sunday, 25 December 2016

मोदी ने वाजपेयी को घर जाकर दी 92वें जन्मदिन की बधाई, अटलजी से गले मिलने का 18 सेकंड का वीडियो शेयर किया

नई दिल्ली. नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को घर जाकर 92वें जन्मदिन की बधाई दी। इससे पहले नरेंद्र मोदी ने ट्वीट पर 18 सेकंड का पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें वो अटलजी से गले मिल रहे हैं। पीएम बनने के बाद लगातार तीसरे साल मोदी अटल जी को बधाई देने उनके घर गए। ‘मन की बात’ में भी मोदी ने अटल जी की लंबी उम्र की प्रार्थना की।
देश अटल जी के योगदान को नहीं भुला सकता…
– नरेंद्र मोदी के साथ अमित शाह भी अटल जी के घर पर जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे।
– इससे पहले नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर पर एक पुराना वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वो अटल बिहारी बाजपेयी से गले मिल रहे हैं।
– मोदी ने ट्वीट किया, ” ये वीडियो दिखाता है कि अटल जी में कितनी सादगी थी और उनमें अपने कार्यकर्ताओं के लिए कितना प्रेम था।”
– मन की बात प्रोग्राम में भी नरेंद्र मोदी ने इस वीडियो का जिक्र किया।
– मन की बात में मोदी बोले, ” ये देश अटल जी के योगदान को कभी नहीं भुला सकता।”
– ” अटल जी के नेतृत्व में हमारे देश ने परमाणु शक्ति में देश का सिर ऊंचा किया है।”
अटल जी ने हर भूमिका में आदर्श स्थापित किया- नरेंद्र मोदी
– मोदी ने कहा, ” पार्टी अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, नेता कोई भी भूमिका रही हो, अटल जी ने हर भूमिका में एक आदर्श स्थापित किया है।”
– “उनके जन्मदिन पर मैं उन्हें प्रणाम करता हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए कामना करता हूं।”
– “एक कार्यकर्ता के रूप में उनके साथ काम करने का मौका मिला। छोटे कार्यकर्ता के रूप में उनसे कैसा स्नेह मिलता था, ये वीडियो को देख पता चल जाता है।”
– इस मौके पर नरेंद्र मोदी मदन मोहन मालवीय को भी याद किया और कहा कि आज देश की एक और महान शख्सियत मदन मोहन मालवीय का भी जन्मदिन है।
मोदी और अटल के बीच रिश्तों के पड़ाव
1# मोदी और राजधर्म
– 2002 गुजरात दंगों के बाद बतौर प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी गुजरात पहुंचे। पीड़ितों से मिले। इस दौरान उन्होंने संबोधन में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को इशारों में राजधर्म निभाने की नसीहत दी। मोदी ने जवाब दिया- हम भी वही कर रहे हैं साहब। माना गया था कि अटलजी मोदी से नाराज थे। हालांकि, मोदी सीएम पद पर बने रहे।
2# पीएम बनने के बाद अटलजी को भारत रत्न
– 2014 में मोदी सरकार बनी और उसी साल 25 दिसंबर को वाजपेयी को उनके जन्मदिन पर भारत रत्न देने का फैसला किया गया। कुछ महीनों बाद प्रेसिडेंट प्रणब मुखर्जी ने उन्हें घर जाकर भारत रत्न से नवाजा था।
3# अटलजी के जन्मदिन पर अफगान संसद और लाहौर दौरा
– पिछले साल अटलजी के जन्मदिन पर मोदी ने अफगानिस्तान दौरा किया। वहां भारत की मदद से बनी नई संसद इमारत में एक ब्लॉक अटलजी के नाम पर रखा गया है। मोदी ने उसका इनॉगरेशन किया।
– काबुल से लौटते वक्त मोदी अचानक लाहौर चले गए। वहां नवाज शरीफ की पोती की शादी थी। यह दौरा इसलिए अहमियत रखता था, क्योंकि माेदी से पहले 1999 में अटलजी ने ही लाहौर बस यात्रा की थी और उस वक्त भी नवाज ही पाकिस्तान के पीएम थे।
– लाहौर से दिल्ली लौटने के बाद रात को ही मोदी अटलजी से मिलने उनके घर पहुंचे थे।
4# इस बार वीडियो शेयर किया
– मोदी ने इस बार अटलजी के जन्मदिन पर 18 सेकंड का वीडियो शेयर किया। इसमें अटलजी कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। मोदी को देखकर वे कहते हैं- ओह! फिर मोदी पास अाते हैं और झुककर अटलजी के गले लग जाते हैं। अटलजी उनकी पीठ थपथपाते हैं। इसके बाद मोदी उनका हाथ अपने माथे पर लगा लेते हैं।
– मोदी ने इस वीडियो के जरिए अटलजी को अपनी मन की बात में भी याद किया।

No comments:

Post a Comment

जीवन के मकान में रहे अच्छाइयों का प्रवास : आचार्य महाश्रमण

कडूर और बिरूर में अहिंसा यात्रा का भव्य स्वागत  कडूर, कर्नाटक-  सद्भावना नैतिकता और नशामुक्ति इन तीनों आयामों से जन-जीवन का कल्याण कर...